गिरिडीह
बलगो जमुआ में हाल ही में बनी नई सड़क पर एक महीने के अंदर गंभीर दरारें आ गई हैं, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं। सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि इस निर्माण में भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। अब यह सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या सड़क निर्माण के दौरान सही सामग्री का उपयोग किया गया था और क्या गुणवत्ता की मानक की अनदेखी की गई?
इस मामले को लेकर कांग्रेस की सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर ब्यूटी मंडल ने भी आवाज उठाई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए अधिकारियों से इस निर्माण की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। ब्यूटी मंडल ने कहा कि यह मामला जनता के हित से जुड़ा है और इसकी पूरी जांच होनी चाहिए, ताकि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
.jpeg)
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल के कारण सड़क की स्थिति दिन-ब-दिन खराब हो रही है। "क्या इस सड़क का निर्माण जनता के पैसे से किया गया है या सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए?" स्थानीय लोगों का कहना है।
कांग्रेस की नेता ने अधिकारियों से सवाल किया है कि एक महीने के भीतर सड़क की इतनी गंभीर स्थिति क्यों आई, और क्या इस मामले की पूरी जांच नहीं होनी चाहिए? अब देखना यह है कि प्रशासन इस मुद्दे पर क्या कार्रवाई करता है और क्या जनता को जल्द राहत मिलती है।
