गोड्डा:
Jharkhand News: गोड्डा जिले (Godda District) के पुंशिया गांव में सड़क निर्माण में गुणवत्ता से खिलवाड़ किया गया है। यहां बनी नई सड़क कागज की तरह उखड़ रही है। तस्वीरों से साफ है कि धूल भरी जमीन के ऊपर तारकोल और कंक्रीट का घोल बिछा दिया गया है। जिस सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए तैयार किया गया है, यदि वह हाथ से जरा से जोर लगाने पर ही उखड़ने लगे तो आप इसके निर्माण में बरती गई धांधली और अनियमितता का अंदाजा लगा सकते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस गांव में बनी 13 साल पुरानी सड़क आज भी इतनी मजबूत है कि हथौड़े की मार झेल सकती है, लेकिन नई सड़क की परत केवल हाथ लगाने से उखड़ रही है।
दिन की बजाय रात को हुआ सड़क का निर्माण
ग्रामीणों का आरोप है कि इस सड़क का निर्माण दिन के उजाले की जगह रात के अंधेरे में किया गया। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क की गुणवत्ता की जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता होनी चाहिए। ग्रामीणों का दावा है कि जब उन्होंने सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर शिकायत करना चाहा तो मजदूरों ने उनको डराया-धमकाया। हाथापाई की नौबत तक आई। कहा जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रोक दिया गया है।

योजना की लागत और कार्य अवधि का बोर्ड नहीं
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि सड़क निर्माण स्थल पर योजना की लागत, कार्य की अवधि और संबंधित विभाग की जानकारी से संबंधित बोर्ड तक नहीं लगाया गया है।