logo

पुरुलिया : ट्रेलर और ऑटो की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, 4 की हालत गंभीर

Screenshot_2026-07-20_132342.jpg

पुरुलिया
पुरुलिया-जमशेदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बलरामपुर थाना क्षेत्र के श्यामनगर रेलवे गेट ओवरब्रिज के पास एक ऑटो और ट्रेलर की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। 
घटना की पूरी जानकारी 
जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर से यात्रियों को लेकर एक ऑटो आ रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से बलरामपुर की ओर जा रहे एक ट्रेलर से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। हादसे में चालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही बलरामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले बलरामपुर बांसगढ़ ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए पुरुलिया स्थित देवेन महतो गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। 
इलाज के दौरान एक की मौत, हादसे की जांच शुरू
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद आदित्य माझी को मृत घोषित कर दिया। वह आड़शा थाना क्षेत्र के कौरांग गांव का निवासी बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, इस हादसे में घायल दो अन्य लोगों की हालत भी बेहद गंभीर बनी हुई है, जबकि शेष दो घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर किन परिस्थितियों में यह भीषण हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई।
 

Tags - PuruliaRoad AccidentJamshedpurNH-18 AccidenBalrampur Police