logo

जमशेदपुर बोड़ाम के मिर्जाडीह में देह व्यापार का भंडाफोड़, संचालक समेत छह गिरफ्तार

ेां3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के ग्रामीण क्षेत्र बोड़ाम थाना अंतर्गत मिर्जाडीह गांव में लंबे समय से चल रहे देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने सोमवार शाम भंडाफोड़ कर दिया। मिर्जाडीह में एक बंद पड़े मकान में संचालित इस अवैध कारोबार पर की गई छापेमारी में गिरोह के संचालक सुमित कुमार समेत पांच महिलाओं को आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, बोड़ाम थाना को मिर्जाडीह गांव के एक बंद घर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। मामले की पुष्टि होने के बाद बचनदेव कुजूर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सोमवार शाम अचानक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान घर के भीतर से संचालक सुमित कुमार और पांच महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके से कई आपत्तिजनक सामान और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को बोड़ाम थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।

डीएसपी बचनदेव कुजूर ने बताया कि मिर्जाडीह गांव में वर्षों पहले भी इसी तरह का सेक्स रैकेट संचालित होता था। उस समय स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर पुलिस के सहयोग से अभियान चलाया था और इस अनैतिक धंधे को बंद कराया था। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से सुमित नामक व्यक्ति ने बंद पड़े मकान की आड़ में दोबारा यह अवैध कारोबार शुरू कर दिया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट के तार किन-किन स्थानों से जुड़े हैं और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस गिरोह को किसी प्रभावशाली व्यक्ति का संरक्षण तो प्राप्त नहीं था।