logo

निजी स्कूल की शिक्षिका ने छात्र को बेरहमी से पीटा, हाथ और पैर तोड़े; प्रथिमिकी दर्ज

lrdg.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड के पलमी में संचालित संत मेरी पब्लिक स्कूल की शिक्षिका द्वारा पिटाई करने पर एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित छात्र का नाम मसमानो गांव निवासी सुकरा उरांव का आठ वर्षीय पुत्र प्रिंस उरांव बताया जा रहा है। इस मामले में छात्र के पिता ने स्कूल की शिक्षिका कांति किरण किंडो पर अपने पुत्र की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाया है। साथ ही भंडरा थाना पुलिस को आवेदन देते हुए आरोपित शिक्षिका पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सुकरा उरांव ने पुलिस को दिए आवेदन में स्पष्ट किया है कि उसका पुत्र प्रिंस उरांव संत मेरी पब्लिक स्कूल पलमी के यूकेजी कक्षा में अध्ययनरत है। प्रिंस उरांव स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता है। वह 20 अगस्त को स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान दोपहर के समय में स्कूल की शिक्षिका कांति किरण किंडो ने प्रिंस उरांव को अपने कार्यालय में बुलाया और स्कूल की बात स्वजनों को बताने की बात कहते हुए डंडा से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। साथ ही विद्यालय में घटित किसी भी घटना, खान-पान की शिकायत स्वजन या अन्य लोगों के पास नहीं कहने की कड़ी हिदायत दी।
बताया जा रहा है कि शिक्षिका की पिटाई से उनका पुत्र प्रिंस उरांव का दाहिना पैर टूट गया। इसके अलावा बांए हाथ का एक अंगुली भी टूट गया। विद्यालय में घटित घटना की जानकारी प्रिंस ने घर पहुंचकर स्वजनों को दी। इधर भंडरा थाना पुलिस ने सुकरा उरांव के आवेदन मिलने के पश्चात प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल कार्रवाई में जुट गई है।
वहीं संत मेरी पब्लिक स्कूल के निदेशक जय इशू मिंज ने कहा कि विद्यालय की शिक्षिका द्वारा इस तरह का कोई मारपीट की घटना नहीं हुई है। विद्यालय के शिक्षिका पर मारपीट का आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद और निराधार है।

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news jharkhand update lohardaga news laohardaga latest news lohardaga khabar lohardaga trending news