logo

पहली नौकरी करियर की मजबूत नींव, पाकुड़ रोजगार मेले में युवाओं को मिला नया अवसर

JOB_FAIR.JPG

पाकुड़ 

पाकुड़ में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय सह मॉडल करियर सेंटर द्वारा बाजार समिति परिसर में एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का भव्य आयोजन किया गया। रोजगार मेले में जिले एवं आसपास के क्षेत्र के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया। मेले में आठवीं उत्तीर्ण से लेकर स्नातक स्तर तक के अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। कुल 23 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने मेले में भाग लेकर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया। इस रोजगार मेले में कुल 530 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया। विभिन्न कंपनियों द्वारा आयोजित साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद 134 अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट चयन किया गया तथा 258 अभ्यर्थियों को आगामी चयन प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।

सफलता केवल वेतन से नहीं

चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए, जिससे उनके बीच उत्साह का माहौल देखा गया। इस दौरान जिला नियोजन पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि पहली नौकरी युवाओं के करियर की महत्वपूर्ण शुरुआत होती है। उन्होंने कहा कि सफलता केवल वेतन से नहीं, बल्कि अनुभव, कौशल और निरंतर सीखने की क्षमता से प्राप्त होती है। युवाओं को प्रत्येक अवसर का लाभ उठाकर अपने कौशल को विकसित करना चाहिए तथा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं को रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखनी चाहिए।

स्थानीय कंपनी नहीं

रोजगार मेले में महिला अभ्यर्थियों ने बताया कि स्थानीय कंपनी नहीं होने के कारण हम लोग बाहर नौकरी के लिए नहीं जा सकते हैं। महिला होने के नाते दूसरे राज्य में जाकर प्राइवेट कंपनियों में नौकरी करने के लिए परिवार के लोग असहमत हैं। वहीं शादीशुदा महिलाओं ने बताया कि अपना घर-द्वार छोड़कर परिवार लेकर दूसरे राज्य में कैसे जाएं। इस रोजगार मेले में जो जिन कंपनियों द्वारा स्टाल लगाए गए थे वो अधिकतर पाकुड़ जिले से बाहर तथा दूसरे राज्य के थे। पाकुड़ जिले के एक-दो निजी विद्यालय के रोजगार मेले में स्टाल लगाए हुए थे। इस अवसर पर आरजेडी सचिव रंजीत कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी राहुल कुमार सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि, विभागीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित थे।

Tags - Dattopant Thengadi Employment Fair Department of Labour Employment Training and Skill Development job fair job opportunities