द फॉलोअप डेस्क
निरसा विधायक अरूप चटर्जी को धमकी देने के मामले में धनबाद पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम वासेपुर स्थित प्रिंस खान के घर पहुंची और न्यायालय के आदेश के तहत मकान तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

फोन, ऑडियो और व्हाट्सएप पर दी थी धमकी
जानकारी के अनुसार, विधायक अरूप चटर्जी ने धनबाद एसएसपी से शिकायत करते हुए बताया था कि गैंगस्टर प्रिंस खान लगातार उन्हें फोन कर रहा था। कॉल रिसीव नहीं करने पर उसने व्हाट्सएप के जरिए ऑडियो और मैसेज भेजकर पैसे की मांग की। ऑडियो में 24 घंटे के भीतर रकम का इंतजाम करने की चेतावनी दी गई थी। ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। धमकी भरे संदेश में कोयले के कारोबार का भी जिक्र किया गया था।

कई संगीन मामलों में वांछित है प्रिंस खान
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रिंस खान लंबे समय से फरार चल रहा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग, धमकी और आपराधिक साजिश समेत कई गंभीर मामले धनबाद के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण उसके खिलाफ कुर्की-जप्ती का आदेश जारी किया गया था। इसी आदेश के अनुपालन में पुलिस ने वासेपुर स्थित उसके आवास पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि आगे भी उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।