logo

प्रिंस खान गैंग पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में शूटर शिवराज राम घायल, चार पिस्टल बरामद

RAM_p.jpg

रामगढ़ 

धनबाद और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर  प्रिंस खान गैंग के सक्रिय सदस्य शिवराज राम उर्फ शिवा को पुलिस मुठभेड़ में घायल कर दिया। यह मुठभेड़ रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित रिवरसाइड के बंद पड़े केंद्रीय विद्यालय परिसर के समीप हुई। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान कई राउंड गोलियां चलीं, जिसमें शिवराज उर्फ शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। घटनास्थल से पुलिस ने चार पिस्टल, लगभग पांच दर्जन जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन सहित कई अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस अधीक्षक (SP) मुकेश कुमार लुनायत ने स्वयं मोर्चा संभाला और मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उनके साथ पतरातू अनुमंडल पदाधिकारी राघवेंद्र शर्मा भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि शिवराज राम उर्फ शिवा पूर्व में कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य रह चुका है और वर्तमान में वह प्रिंस खान गैंग के संपर्क में था। प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि वह क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई की, जिसके बाद यह मुठभेड़ हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और गैंग से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी अभियान जारी है।

Tags - Joint Operation Police Encounter Prince Khan Gang Jharkhand Police