द फॉलोअप डेस्क
कांग्रेस वर्किंग कमिटी (CWC) के स्थायी सदस्य एवं झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू की उपस्थिति में तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुराना विधानसभा सभागार में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा राज्यसभा चुनाव के संबंध में भेजे गए प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
.jpeg)
महागठबंधन के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं- के. राजू
बैठक को संबोधित करते हुए के. राजू ने कहा कि कांग्रेस और महागठबंधन के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं तथा राज्यसभा की दोनों सीटों पर गठबंधन के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि झारखंड में संगठन सृजन का कार्य पिछले डेढ़ वर्षों से चल रहा है और अब यह अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
ग्राम पंचायत समिति, प्रखंड कांग्रेस समिति, जिला कांग्रेस समिति और प्रदेश कांग्रेस समिति का गठन पूरा कर लिया गया है। सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और उनकी जवाबदेही भी तय कर दी गई है। प्रत्येक तीन महीने पर समीक्षा बैठक कर उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा।
के. राजू ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर नेताओं और कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मतदाता सूची से नाम हटाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस इसे सफल नहीं होने देगी।
भाजपा का SIR के माध्यम झारखंड में राजनीतिक षड्यंत्र
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि भाजपा SIR के माध्यम से झारखंड में राजनीतिक षड्यंत्र रच रही है, लेकिन कांग्रेस ने राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त कर दिए हैं ताकि मतदाताओं को सहयोग मिल सके और किसी का नाम जबरन मतदाता सूची से न हटाया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा SIR के जरिए लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।