द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले में होने वाले नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के तीन नगर निकाय गढ़वा नगर परिषद, श्रीबंशीधर नगर पंचायत और मझिआंव नगर पंचायत के लिए कुल 89 मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गई हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त दिनेश कुमार Yadav के नेतृत्व में गढ़वा बाजार समिति परिसर से पोलिंग पार्टियों को भेजा गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमन कुमार भी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मतदान कर्मियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी और निष्पक्ष, शांतिपूर्ण तथा पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। साथ ही, डिस्पैच का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक तथा रिसीविंग का समय शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस अवधि के दौरान शहर में भारी वाहनों के आवागमन पर भी रोक रहेगी, ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार का व्यवधान न हो। उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है। जिले के सभी 50 वार्डों में मतदाताओं को बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का पूरा अवसर मिलेगा। मतदान 23 फरवरी को होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को प्रस्तावित है।
