logo

लोहरदगा : सदर अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप, DC ने दिए जांच के आदेश

er68em6.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले के सदर अस्पताल में शुक्रवार को एक गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे नवजात की मौत हो गई। महिला की पहचान 28 वर्षीय ईन्की कुमारी के रूप में हुई, जो सेन्हा थाना क्षेत्र के नवदी गांव की निवासी थी। ईन्की कुमारी को शुक्रवार दोपहर लेबर पेन शुरू हुआ, जिसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेन्हा में भर्ती कराया गया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने गर्भ में ही नवजात की मौत की पुष्टि की और उसे रिम्स रेफर कर दिया। रिम्स ले जाते वक्त गर्भवती महिला की भी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद, एम्बुलेंस चालक मृतका को छोड़कर वहां से फरार हो गया। इसके बाद परिजनों ने प्राइवेट एम्बुलेंस की व्यवस्था की और शव को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा किया। इस मामले को लेकर उपायुक्त ने जांच के आदेश दिए हैं।
लोहरदगा के सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप ने बताया कि सदर अस्पताल में सुविधाओं की कमी है। उन्होंने स्वीकार किया कि अस्पताल में समुचित इलाज की व्यवस्था नहीं है। डॉ. कच्छप ने कहा, "महिला की मौत दुखद है। वह इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंची थी, जहां जांच में गर्भ में ही नवजात की मौत हो चुकी थी और संक्रमण फैलने की आशंका थी। इलाज के लिए उसे रिम्स रेफर किया गया, लेकिन वहां तक पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।" सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य विभाग को बेहतर बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही।

 

Tags - latest Lohardaga News news Updates latest Lohardaga News Lohardaga News in hindi latest Lohardaga Updates latest Lohardaga news Lohardaga updates in hindi Latest updates latest jharkhand News Jharkhand News updates Lohardaga updates in Hindi Lo