द फॉलोअप डेस्क
रमजान के आखिरी जुम्मे के अवसर पर शुक्रवार को शहर की मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की और देश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। ईदगाह मोती मस्जिद के इमाम मोहम्मद अविरुद्दीन कासमी ने धनबाद वासियों को रमजान की मुबारकबाद देते हुए कहा कि इस पवित्र महीने में लोगों ने एक-दूसरे का ख्याल रखा और अमन-शांति के साथ रोजा रखा। उन्होंने कहा कि रमजान हमें संयम, सेवा और भाईचारे का संदेश देता है, जिसमें गरीबों की मदद करना भी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने आगे कहा कि रमजान के बाद अल्लाह की ओर से ईद-उल-फितर का त्योहार खुशी के रूप में मिलता है, जिसे सभी लोगों को आपसी प्रेम और शांति के साथ मनाना चाहिए। जुबेर अंसारी ने बताया कि ईद का त्योहार खुशियों का प्रतीक है और इसे सभी को हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए। वहीं रियाज खान ने कहा कि रमजान का यह पवित्र महीना लोगों को इंसानियत और भाईचारे की सीख देता है, इसलिए ईद के दिन भी शांति और सद्भाव बनाए रखना आवश्यक है।
