द फॉलोअप डेस्क
राज्यसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन से कांग्रेस के उम्मीदवार प्रणव झा अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए लगातार सहयोगी दलों के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को वह राजद नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात करने पटना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने समर्थन में वोट की अपील की। झारखंड में राजद महागठबंधन का हिस्सा है और विधानसभा में उसके चार विधायक हैं, ऐसे में राजद का समर्थन चुनावी समीकरण में अहम माना जा रहा है।

भाकपा (माले) ने किया समर्थन का ऐलान
इससे पहले प्रणव झा ने भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य से भी मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद भाकपा (माले) ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को समर्थन देने की घोषणा की। दीपांकर भट्टाचार्य ने स्पष्ट कहा कि उनकी पार्टी का रुख बिल्कुल साफ है और भाजपा के किसी भी मंसूबे को झारखंड में सफल नहीं होने दिया जाएगा। राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर प्रणव झा महागठबंधन के सभी घटक दलों के नेताओं से संपर्क साध रहे हैं और समर्थन सुनिश्चित करने में जुटे हैं।

17 जून को सीएम आवास में होगी अहम बैठक
गौरतलब है कि 18 जून को राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी। महागठबंधन की ओर से कांग्रेस ने प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया है। चुनाव से पहले महागठबंधन अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटा है। इसी कड़ी में 17 जून को मुख्यमंत्री आवास में महागठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है, जिसमें सभी सहयोगी दलों के नेता शामिल होंगे। बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर अंतिम रणनीति, समन्वय और मतदान की तैयारी पर मंथन किया जाएगा।