logo

भाजपा का राजनीतिक प्रस्ताव : नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की प्रशंसा और हेमंत सरकार की निंदा

नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की प्रशंसा और हेमंत सरकार की निंदा

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः 
झारखंड प्रदेश भाजपा ने अपनी कार्यसमिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के राजनीतिक जीवन की उपलब्धियों और जनसेवा के कार्यों की सराहना की है। कार्यसमिति की बैठक के पहले दिन पेश किए गए राजनीतिक प्रस्ताव में विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ खड़ा होने और जनहित की समस्याओं को लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया गया है। प्रस्ताव में कहा गया कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शासन की जिम्मेदारी संभालने से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व करने तक नरेंद्र मोदी की यात्रा सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। वहीं झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधते हुए प्रस्ताव में आरोप लगाया गया कि उसके सत्ता में आने के बाद राज्य विकास की पटरी से उतर गयी है। भाजपा ने दावा किया कि पूर्ववर्ती भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकारों के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी, सड़क और पेयजल जैसे क्षेत्रों में विकास के लिए उल्लेखनीय काम किए गए थे। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और सांसद विद्युत वरण महतो ने इसका अनुमोदन किया।

विश्व मंच पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ी

राजनीतिक प्रस्ताव में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा, आर्थिक क्षमता और सामरिक शक्ति में वृद्धि का दावा किया गया। प्रस्ताव में जीएसटी, आर्थिक सुधार, डिजिटल लेनदेन, बुनियादी ढांचे के विकास और सामाजिक कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा गया कि इन पहलों से देश की विकास यात्रा को गति मिली है। पार्टी ने आतंकवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

राज्य में चल रही केंद्रीय योजनाओं की चर्चा
प्रस्ताव में झारखंड के विकास में केंद्र सरकार के योगदान को प्रमुखता दी गई। भाजपा ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत राज्य के लोगों को मिले लाभ का उल्लेख किया। प्रस्ताव के अनुसार, झारखंड में 2 करोड़ 64 लाख नागरिकों को मुफ्त अनाज, 18 लाख से अधिक पक्के आवास, 38.9 लाख से अधिक गैस कनेक्शन और लगभग 35 लाख घरों तक नल से जल पहुंचाने का दावा किया गया है। वहीं, 18.8 लाख किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत सीधे राशि हस्तांतरित किए जाने का भी उल्लेख है। भाजपा ने देवघर एम्स की स्थापना, देवघर हवाई अड्डे के उद्घाटन, साहिबगंज में बंदरगाह के निर्माण, सिंदरी उर्वरक कारखाने के पुनरुद्धार और रेल एवं राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार को झारखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।

जनजातीय समाज को सम्मान देने की बात

जनजातीय समाज को सम्मान देने के लिए राजनीतिक प्रस्ताव में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित करने के निर्णय के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया गया। इसके साथ ही उलिहातू में बिरसा मुंडा को नमन करने तथा रांची में उनकी स्मृति में स्मारक-सह-संग्रहालय के निर्माण का उल्लेख किया गया। भाजपा ने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन), धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के विस्तार जैसी योजनाओं को जनजातीय समाज के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। प्रस्ताव में संथाली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में स्थान मिलने और ओलचिकी लिपि के सम्मान का भी उल्लेख किया गया।

कांग्रेस और विपक्ष पर एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप
प्रस्ताव में भाजपा ने कांग्रेस, वामपंथी दलों और अन्य विपक्षी शक्तियों पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि विपक्ष एसआईआर के मुद्दे पर भ्रम फैलाकर चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर हमले कर रहा है। भाजपा ने इसे अराजक आंदोलन बताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की।


 

Tags - Jharkhand BJP political resolution Modi Hemant government