द फॉलोअफ डेस्क
कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि झारखंड सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान चाहती है। इसी दिशा में चार मंत्रियों की कमेटी गठित कर छात्रों से बातचीत की पहल की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल अपने राजनीतिक फायदे के लिए छात्र आंदोलन को लंबा खींचने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदीप यादव ने कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट है कि बातचीत सीधे छात्रों से हो। पत्रकारों और वकीलों को भी अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन सरकार उनसे भी अलग-अलग बातचीत करने के लिए तैयार है।

CID जांच पर सरकार की स्थिति स्पष्ट
प्रदीप यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उस बयान का भी हवाला दिया, जिसमें मुख्यमंत्री ने कहा है कि CID को मामले की जांच में पूरी स्वतंत्रता दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी को किसी तरह का दबाव नहीं दिया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री के घर की भी तलाशी ली जा सकती है। प्रदीप यादव के मुताबिक सरकार चाहती है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच हो और यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

CBI जांच की मांग पर BJP को घेरा
CBI जांच की मांग को लेकर प्रदीप यादव ने BJP पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP राजनीतिक दबाव में काम करने वाली एजेंसी के रूप में CBI का इस्तेमाल करना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार जांच से पीछे नहीं हट रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने दोहराया कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ जांच कराना नहीं, बल्कि छात्रों की समस्या का ठोस समाधान निकालना है।