द फॉलोअप डेस्क, रांची;
भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कमिटी में मंत्री नियुक्त होने के बाद डॉ. प्रदीप वर्मा पहली बार भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी के पथ प्रदर्शक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा का आत्मीय स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने उन्हें राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिलना संगठन के प्रति डॉ. वर्मा की निष्ठा, समर्पण और कार्यक्षमता का सम्मान है। साहू ने इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व का भी आभार जताया।

संगठन विस्तार और उसे मजबूत बनाने पर रहेगा फोकस
डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय मंत्री का दायित्व केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि झारखंड के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के स्नेह, मेहनत और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य फोकस संगठन के विस्तार और उसे और मजबूत बनाने पर रहेगा। इसके लिए वे पूरी प्रतिबद्धता और निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने नई जिम्मेदारी के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।