द फॉलोअप डेस्क
रांची शहर के विभिन्न इलाकों में आज यानी रविवार को निर्धारित कार्यों के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। विद्युत विभाग द्वारा आरडीएसएस योजना के तहत लाइन कन्वर्जन और केबलिंग का काम किया जा रहा है, जिसके चलते कई क्षेत्रों में शटडाउन लिया गया है। डोरंडा क्षेत्र के राजेंद्र चौक फीडर अंतर्गत रिसालदार नगर में एबी केबलिंग कार्य के कारण सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान रिसालदार नगर और आसपास के इलाके प्रभावित होंगे। तुपुदाना अवर प्रमंडल के अंतर्गत कल्याणपुर रोड नंबर-5 और टेंडर हार्ट विद्यालय के आसपास के क्षेत्रों में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की जानकारी दी गई है। पिस्का मोड़ क्षेत्र के विकास नगर, स्टाफ बैंक कॉलोनी और इंद्रपुरी रोड नंबर-14 (रातू रोड) में एलटी लाइन कन्वर्जन कार्य के चलते सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक बिजली नहीं रहेगी।
वहीं, नामकुम क्षेत्र के 33 केवी कुसई फीडर में भी रविवार को शटडाउन लिया जाएगा। दुर्गा सोरेन चौक के पास 33 केवी लाइन शिफ्टिंग कार्य के कारण दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक लगभग एक घंटे के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान घाघरा, कुसई, डोरंडा बाजार, अनंतपुर, निवारणपुर मजिस्ट्रेट कॉलोनी और हिनू सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली नहीं रहेगी। इसके अतिरिक्त, कोकर अवर प्रमंडल के कृष्णापुरी, छठ तालाब के आसपास, चुटिया, केतारी बगान रोड नंबर-13, साईं कॉलोनी, विराट नगर, लोवाडीह और नामकुम समेत कई क्षेत्रों में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रहेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह सभी कार्य बिजली व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुचारू बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे पूर्व तैयारी कर लें और निर्धारित समय के अनुसार अपने आवश्यक कार्य निपटा लें। कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
