द फॉलोअप डेस्क
संजय चौधरी पीए कैडर के कर्मी हैं। वर्तमान में वह ग्रामीण विकास विभाग में पोस्टेड हैं। लेकिन वह काम स्वास्थ्य विभाग का ज्यादा कर रहे हैं। विभागीय मंत्री के काम को निबटाने में ज्यादा ऊर्जा खपा रहे हैं। संजय चौधरी पूर्व में भी ग्रामीण विकास विभाग में रहते हुए तत्कालीन मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, आलमगीर आलम के साथ काम कर चुके हैं। उसके बाद जब इरफान अंसारी कुछ दिनों के लिए ग्रामीण विकास मंत्री बने तो उनके साथ भी काम किए। इस बार विधानसभा चुनाव के बाद जब इरफान अंसारी ग्रामीण विकास की जगह स्वास्थ्य मंत्री बनाए गए तो संजय चौधरी स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी समस्याओं के समाधान में लग गए। हालांकि उनके इस समपर्ण पर सचिवालय में तरह तरह की चर्चा हो रही है। क्योंकि इस बार सरकार बनने के बाद से, लगभग छह महीने से वह ग्रामीण विकास की जगह स्वास्थ्य विभाग में ज्यादा व्यस्त दिखायी पड़ते रहते हैं।

इस संबंध में संजय चौधरी से पूछने पर उन्होंने कहा कि मंत्री जी ने उनकी पोस्टिंग स्वास्थ्य विभाग में करने की अनुशंसा की है। हालांकि यह सच है कि अभी उनकी स्वास्थ्य विभाग में पोस्टिंग नहीं हुई है। इसके बाद भी वह वहां क्यों काम कर रहे हैं, संजय चौधरी ने कहा कि सरकार अगर उनसे कोई काम लेना चाह रही है तो इसमें आपत्ति क्या है। वह अपना मूल काम करते हुए अगर स्वास्थ्य विभाग के भी काम निबटा रहे हैं, तो इसमें कोई गड़बड़ी नहीं है। जानकारी के अनुसार कई लोगों ने संजय चौधरी के ग्रामीण विकास विभाग में पोस्टेड रहते स्वास्थ्य विभाग में काम करने को लेकर सरकार से शिकायत की है। उस शिकायती पत्र में विभागीय मंत्री के साथ उनकी तस्वीर भी दी है।
