logo

HDFC बैंक का अधिकारी बन लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर लगाता था चूना, हुआ गिरफ्तार 

RANCHIPOLICE.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची 
साइबर थाना पुलिस ने बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है। दरअसल, HDFC बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर पुलिस ने विकास धर लाल को पकड़ा है। साल 2023 के अगस्त महीने में विकास पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज कराने वाला पीड़ित गुमला के सिसई थानाक्षेत्र का रहने वाला है। विकास ने उसे HDFC में लीगल मैनेजर के पोस्ट पर नौकरी दिलाई। इसके अलावा गौरव कुमार डे नाम के एक अन्य व्यक्ति को विकास ने HDFC बैंक में बिजनेस मैनेजर के पोस्ट पर ज्वाइनिंग कराई थी। वो खुद को बैंक का अधिकारी बता कर लोगों नौकरी के झांसे में फंसाता था फिर ये लोग दूसरे लोगों को चूना लगाते थे।   

खुद को HDFC बैंक का अधिकारी बताया 
आरोप है कि नौकरी दिलाने का झांसा देकर अबतक कई लोगों को विकास धर लाल ठगी का शिकार बना चुका है। गुमला के जिस शख्श को विकास ने HDFC बैंक में लीगल मैनेजर के पद पर नौकरी दिलाई, उसने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पहले तो उसने अपनी पहचान HDFC बैंक का अधिकारी बताया। फिर उसने लीगल मैनेजर पोस्ट पर उसकी ज्वाइनिंग कराई, उसे कथित तौर पर एक फर्जी आईडी कार्ड भी दिया। इसके बाद HDFC में बैंक खाता खुलवाने का टारगेट दिया। दोनों ने टारगेट के अनुसार करीब 50-60 लोगों के खाते भी खुलवाए। इसके बाद उन खाता धारकों को लोन दिलाने के नाम पर 25 लाख से अधिक रूपये की ठगी की गई। 

2 अगस्त 2023 को दर्ज हुआ था मामला 
साइबर थाना पुलिस ने विकास धर लाल को बीते शुक्रवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि विकास धर लाल रांची के कोकर का रहने वाला है। वह लंबे समय से लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की घटना को अंजाम दे रहा था। इस बीच पिछले साल 2 अगस्त को विकास धर लाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया था। इसके बाद पुलिस जांच में जुटी और विकास को तलाशने लगी। लगभग 6 महीने बीतने के बाद विकास धर लाल को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।