logo

रांची मेयर रौशनी खलखो ने DC से कहा- अतिक्रमण अभियान रोकें

रांची मेयर रौशनी खलखो ने DC से कहा- अतिक्रमण अभियान रोकें

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

रांची की मेयर रौशनी खलखो ने DPS से बिरसा चौक की ओर जाने वाली बाईपास रोड़ के दोनों ओर बसे गरीब परिवारों के मकान को हटाने की कार्रवाई को लेकर रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री को पत्र लिखा है। मेयर रौशनी खलखो ने पत्र में कहा है कि दिल्ली पब्लिक स्कूल से बिरसा चौक को ओर जाने वाली मार्ग के किनारे करीब 40 से 50 वर्षों से गरीब परिवार रह रहे हैं और उन्हें हटाया जा रहा है। मेयर ने कहा कि वर्तमान में बारिश का मौसम है और ऐसे में छोटे बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों समेत परिवार के अन्य सदस्यों को खुले आसमान के नीचे या सड़क किनारे रहने के लिए मजबूर होना बेहद चिंताजनक है। इससे गरीब परिवारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी जरूरतों पर गंभीर असर पड़ रहा है।

वैकल्पिक आवास या पुनर्वास की समुचित व्यवस्था हो 

उन्होंने मानवीय और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए इन परिवारों पर होने वाली कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने और वैकल्पिक आवास या पुनर्वास की समुचित व्यवस्था करने के बाद ही उन्हें हटाने की कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही प्रभावित परिवारों की वर्तमान स्थिति का तत्काल सर्वे कराने, उन्हें आवास, पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। मेयर ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इस गंभीर विषय पर जल्द संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण के साथ आवश्यक कार्रवाई करेगा। 

Tags - Ranchi News Roshni Khalkho RehabilitationRanchi DC