logo

झारखंड में भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति हो रही है:  लक्ष्मीकांत वाजपेयी

babulal21.jpeg

द फॉलोअप डेस्क 

संकल्प यात्रा के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और प्रदेश प्रभारी एवम राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने आज डुमरी उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार अभियान का नेतृत्व संभाल लिया। दोनों नेताओं ने निमियाघाट मंडल के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में हेमंत सरकार और यूपीए ठगबंधन पर हमला बोला। एनडीए प्रत्याशी यशोदा देवी के पक्ष में सभा की। भाजपा प्रदेश प्रभारी एवम राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि देश में भ्रष्टाचारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2024 में रोकने के लिए गठबंधन बनाया है। लेकिन सबको पता है कि मोदी के साथ जनता जनार्दन है। देश की जनता मोदी के विकास के संकल्पों के साथ खड़ी है। कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टिकरण की राजनीति व्याप्त है। 

सरकार के सारे वादे फेल 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह उपचुनाव हेमंत सरकार को सबक सिखाने का अवसर है। रामगढ़ की जनता ने पिछले उपचुनाव में बता दिया अब डुमरी की बारी है। श्री मरांडी ने कहा कि आखिर यूपीए ठगबंधन में झामुमो को क्यों वोट दे जनता।  जिसके सारे वादे फेल हो गए हों। विधानसभा में नौकरी देने की बात की लेकिन आज तक न नौकरी दी न बेरोजगारी भत्ता। केवल स्थानीय नीति और नियोजन नीति में राज्य को उलझा दिया। हेमंत सरकार ने नौजवानों को केवल ठगा है। आज के कार्यकर्ता सम्मेलन में जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, पूर्व सांसद रविंद्र कुमार राय, रविंद्र पांडेय, अमित सिंह, सुनील साव, यदु नंदन पाठक सहित मंडल के बूथ स्तर कार्यकर्ता उपस्थित थे।