logo

मानगो में हिंदू नववर्ष यात्रा के बीच बढ़ा राजनीतिक तापमान, बन्ना गुप्ता के करीबी और सरयू राय के भतीजे के बीच टकराव

ghumrou.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर में हिंदू नववर्ष की शोभा यात्रा के दौरान बुधवार को शहर जहां भक्ति और उत्साह में सराबोर था, वहीं मानगो के डिमना रोड से आई एक झड़प की खबर ने सियासी हलकों में हलचल तेज कर दी। शाम के वक्त शहर के अलग-अलग इलाकों और मार्गों से निकली शोभा यात्राओं के बीच डिमना रोड पर अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया।  बताया जाता है कि पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के करीबी कांग्रेस नेता उपेंद्र सिंह मस्तान और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के भतीजे और जदयू नेता आशुतोष राय के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इतना ही नहीं, मामला आगे बढ़ते हुए हाथापाई तक पहुंच गया।
दरअसल, मानगो के डिमना रोड में एक ही मार्ग पर अलग-अलग हिंदू संगठनों के दो शोभा यात्रा आगे-पीछे बढ़ रहे थे। आगे चल रहे जुलूस का नेतृत्व सरयू राय कर रहे थे, जबकि पीछे चल रहे जुलूस में बन्ना गुप्ता अपने समर्थकों के साथ शामिल थे। इसी दौरान आगे बढ़ने के क्रम में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये और मामूली विवाद ने देखते ही देखते तूल पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि कहासुनी इतनी बढ़ गई कि हाथापाई की स्थिति बन गई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को अलग कर दिया, जिससे बड़ा विवाद टल गया। दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही बन्ना गुप्ता और सरयू राय भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक स्थिति सामान्य हो चुकी थी। इसके बाद शोभा यात्रा फिर से आगे बढ़ी। हालांकि इस मामूली झड़प ने शहर के राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। हिंदू नववर्ष जैसे सांस्कृतिक आयोजन के बीच उभरा यह टकराव अब शहर में राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया है।

 

Tags - Jamshedpur Hindu New Year procession clash Jamshedpur political clash news Banna Gupta controversy Jamshedpur Upendra Singh Mastan vs Ashutosh Roy Saryu Roy procession dispute Jharkhand political tension news Jamshedpur procession fight news\