हजारीबाग
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को लेकर दिए गए बयान पर सियासी विवाद गहराता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के हजारीबाग जिला प्रभारी अश्मित सिंह सेठी ने राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि माफी नहीं मांगी गई, तो देशभर के सिख दिल्ली कूच करेंगे और राहुल गांधी के आवास का घेराव किया जाएगा।
अश्मित सिंह सेठी ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा एक केंद्रीय मंत्री को “गद्दार” कहना न सिर्फ व्यक्तिगत टिप्पणी है, बल्कि इससे समूची सिख संगत की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि सिख कौम का देश के लिए योगदान किसी से छिपा नहीं है। सेना, अर्थव्यवस्था और सेवा के क्षेत्र में सिख समुदाय ने हमेशा बढ़-चढ़कर भूमिका निभाई है।
.jpeg)
सिख कौम के योगदान को ठेस पहुंचाने का आरोप
सेठी ने कहा कि सिख समाज हमेशा देश की एकता और अखंडता के साथ खड़ा रहा है। ऐसे में किसी सिख नेता पर इस तरह की टिप्पणी करना पूरे समुदाय का अपमान है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी उसी परिवार से आते हैं, जिनके एक बयान का जिक्र आज भी सिख समाज के बीच संवेदनशील विषय के रूप में देखा जाता है।
उनका कहना था कि इस तरह के बयान सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाते हैं और राजनीतिक असहमति को व्यक्तिगत और सामुदायिक अपमान में बदल देते हैं। भाजपा युवा मोर्चा नेता ने साफ कहा कि राहुल गांधी को न सिर्फ केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से, बल्कि समस्त सिख संगत से भी माफी मांगनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया गया, तो देशभर के सिख संगठनों के साथ मिलकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और राहुल गांधी के आवास का घेराव किया जाएगा। सेठी ने कहा कि यह आंदोलन शांतिपूर्ण होगा, लेकिन अपने सम्मान और स्वाभिमान के मुद्दे पर सिख समाज किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा।
