रांची/हजारीबाग
पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने विष्णुगढ़ में हुई जघन्य घटना को लेकर राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।
मुलाकात के दौरान अंबा प्रसाद ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का अनुरोध किया। साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा और पुनर्वास उपलब्ध कराने की भी मांग रखी। अंबा प्रसाद ने कहा कि इतने गंभीर अपराध के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि या तो मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है या फिर तथ्यों को दबाने की कोशिश हो रही है, जिससे आम लोगों का भरोसा डगमगा रहा है।

इस दौरान उन्होंने राज्यपाल से झारखंड में महिला आयोग को सक्रिय और प्रभावी बनाने का भी अनुरोध किया। उनका कहना था कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संस्थागत तंत्र को मजबूत करना बेहद जरूरी है।
अंबा प्रसाद ने दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, संबंधित अधिकारियों के निलंबन और पुलिस अधीक्षक के तबादले की मांग भी उठाई। उन्होंने इस मामले में राज्यपाल से व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की। राज्यपाल ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश देने का भरोसा दिलाया है।
