सरायकेला-खरसावां:
Seraikela-Kharsawan: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची एक महिला के साथ थाने के भीतर ही दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, आरोपी आरक्षी नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

मदद के बहाने कमरे में ले जाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, पीड़िता गुरुवार को पारिवारिक विवाद से परेशान होकर शिकायत दर्ज कराने गम्हरिया थाने पहुंची थी। आरोप है कि थाने में तैनात आरक्षी नीरज लकड़ा ने मदद करने के बहाने उसे एक कमरे में बुलाया और वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। जिस थाने में महिला न्याय और सुरक्षा की उम्मीद लेकर पहुंची थी, वहीं इस तरह की घटना के आरोप ने पुलिस महकमे को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
एसपी ने गठित की एसआईटी, घटनास्थल का किया निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। एसडीपीओ ने पुलिस टीम के साथ गम्हरिया थाने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। जिस कमरे में वारदात होने का आरोप है, उसे सील कर दिया गया है। पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही, पीड़िता की मेडिकल जांच भी कराई जा रही है।
थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
एसपी ने कर्तव्य में लापरवाही और गंभीर चूक के आरोप में गम्हरिया थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, आरोपी आरक्षी नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।