रांची
डीजीपी अनुराग गुप्ता ने कहा कि जल्द ही अब हर पुलिस थाने में एक महिला पुलिस अधिकारी होंगी। इसे लेकर पुलिस विभाग तैयारी कर रहा है। जल्द ही सरकार के स्तर पर इस पर कोई निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने में महिला पुलिस अधिकारी के रहने से किसी भी महिला को अपनी समस्याएं बताने में झिझक नहीं होगी। वे खुल कर अपनी बात रख पाएंगी। इस कदम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। डीजीपी अनुराग गुप्ता पुलिस मुख्यालय सभागार में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
महिला अधिकारियों के लिए बनेगा महिला फोरम
डीजीपी अनुराग गुप्ता ने कहा कि झारखंड में पुलिस सेवा से जुड़ी हर रैंक की महिला अधिकारियों के लिए महिला फोरम बनाया जाएगा, ताकि महिलाएं अपनी समस्याएं चाहे व्यक्तिगत हों या आधिकारिक, उसे सामने रख पायेंगी। उन्होंने बताया कि आगामी 23 और 24 अगस्त को महिला पुलिस अधिकारियों का दो दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन 2024 किया जाएगा। ये झारखंड पुलिस की नई पहल है। यह सम्मेलन शौर्य सभागार, जैप वन में किया जाएगा।
QR code अभियान का मिल रहा है अच्छा रिस्पांस
वहीं अनूप बिरथरे ने विभाग द्वारा चलाए जा रहे 112 QR code अभियान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह एक ऐसी सेवा है, जिसमें पुलिस सहायता, अग्निशमन, महिला हेल्पलाइन, मेडिकल इमरजेंसी व किसी भी आपात स्थितियों में शिकायत दर्ज करा सकते हैं और मदद ले सकते हैं। डायल-112 ऐप को मोबाइल में डाउनलोड किया जा सकता है। इस अभियान को अच्छा रिस्पांस मिला। लोग अब इसका प्रयोग कर रहे हैं।