logo

लातेहार में थाना के चौकीदार की गोली मारकर हत्या, बाइक से लौट रहे थे घर

fire2.jpg

लातेहार 

लातेहार में अज्ञात अपराधियों ने थाना के चौकीदार की गोली मार कर हत्या कर दी है। बताया जाता है कि चौकीदार उस समय बाइक से अपने घर की ओर जा रहे थे। मृतक चौकीदार का नाम सादिक है और वो जिले के चंदवा थाना में चौकीदार के पोस्ट पर कार्यरत् था। लोगों ने बताया कि सादिक घटना के समय साप्ताहिक बाजार लोहरसी से अपने घर की ओऱ बाइक से लौट रहे थे। इस समय दुबी पेट्रोल पंप के पास अज्ञात अपराधियों ने उनपर गोलीबारी शुरू कर दी। अनुमान है कि अपराधी पेट्रोल पंप के पास काफी पहले से घात लगाकर छिपे हुए थे।

घायल चौकीदार को पहुंचाया गया चिकित्सा केंद्र 

गोली लगने से चौकीदार सादिक घायल होकर गिर पड़े। वहां से गुजर रहे प्रमोद साहू नाम के व्यक्ति ने अपने ऑटो से जख्मी सादिक को सामुदायिक चिकित्सा केंद्र पहुंचाया। तब का सादिक का काफी खून बह चुका था। चिकित्सा केंद्र में उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस बीच चिकित्सा केंद्र में सादिक के परिजनों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गयी। वे पुलिस व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। आक्रोशित लोग जल्द से जल्द दोषी अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। घटना की सूचना चंदवा पुलिस स्टेशन को दी गयी। पुलिस अधिकारियों ने आकर आक्रोशित लोगों को किसी तरह शांत किया। 

पुलिस ने शुरू की छापेमारी 
मिली खबर के मुताबिक पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। वहीं, हत्या के काऱणों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। लोगों का कहना है कि सादिक अच्छे स्वभाव का आदमी था। उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। वो सबकी मदद के लिए तैयार रहता था। बहरहाल, चंदवा पुलिस सभी एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।