द फॉलोअप डेस्क
पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसेरिया निवासी रमेश दास के घर में दिनांक 13 जुलाई की रात्रि अज्ञात चोरों द्वारा हुई चोरी की घटना का गिरिडीह पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस संबंध में पीड़ित रमेश दास द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर थाना में कांड संख्या 89/25, 27 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305/331(2) BNS के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गिरिडीह द्वारा पचम्बा थाना प्रभारी गिरिजीत के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम ने गुप्त सूचना, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता के माध्यम से त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया पूछताछ के क्रम में एक संदिग्ध सुनील यादव (25 वर्ष), पिता- ईसरी महतो, निवासी- फुटरीबाद, थाना- बेंगाबाद, गिरिडीह ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए रमेश दास के घर में चोरी करने की बात कबूल की। साथ ही उसने अपने सहयोगी का नाम दिलीप यादव (38 वर्ष), पिता- सरजु महतो, निवासी- कोयरीटोली, थाना- पचम्बा, गिरिडीह बताया।
सुनील यादव की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में उपयोग किए गए गैता (औजार), एक जोड़ा चांदी का पायल और एक चांदी की चेन को दिलीप यादव के घर से बरामद किया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सुनील यादव पर पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
