द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र के झरघट्टा गांव में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के पास से देशी पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा गोली बरामद की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शाम करीब 5:30 बजे झरघट्टा गांव में टिंकू मारिक उर्फ चौहान (पिता–मृत्युंजय मरक, निवासी-जामबाद, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र) को गोली लगी। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया, और उसके बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया। घटना के बाद गांडेय थाना में कांड संख्या 12/26 के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में यह सामने आया कि घटना के समय सभी दोस्त एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान टिंकू मारिक के पास मौजूद पिस्तौल से उसके दोस्त जागेश्वर मरिक उर्फ छोटका ने गोली चला दी, जिससे टिंकू गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर गिरिडीह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने चार घंटे के भीतर आरोपी जागेश्वर मरिक उर्फ छोटका (पिता–स्व. नारायण मरक, निवासी–जामबाद, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक देशी पिस्तौल, एक मैगजीन, 7.65 एमएम की जिंदा गोली और एक खोखा बरामद किया। बरामद हथियार के संबंध में गांडेय थाना में कांड संख्या 13/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में एक और मामला दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में एसडीपीओ सदर जितवाहन उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक और विभिन्न थानों के थाना प्रभारी समेत पुलिस टीम के कई जवान शामिल थे।
