द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत लखीपुर पंचायत के हरिजन टोला में अताउर शेख को अवैध रूप से गांजा रखने और बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उसके घर से 349 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज को 4 दिसंबर को सुबह 5 बजे गुप्त सूचना मिली कि अताउर शेख अपने घर में गांजा छिपाकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया। छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अताउर शेख के घर पर विधिवत छापेमारी की। छापेमारी के दौरान उसके घर के एक कमरे में काले प्लास्टिक में गांजा छिपाकर रखा हुआ पाया गया और उसे जब्त किया गया। अताउर शेख को गिरफ्तार कर राजमहल थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आज 5 दिसंबर को अताउर शेख को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
