द फॉलोअप डेस्क
पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएचसी केंद्र संचालक तारापद महतो की गोली मारकर हत्या किये जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वारदात में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-1 निवासी विकास दुबे उर्फ राहुल दुबे (21) और टेल्को खड़ंगाझाड़ निवासी अभिषेक कुमार उर्फ गोलू उर्फ हैप्पी (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी कट्टा, खून लगा चाकू, वारदात में प्रयुक्त बाइक और एक खोखा बरामद किया है।.jpeg)
ग्रामीण एसपी ऋषि गर्ग ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि एमजीएम थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान दोनों आरोपियों को रोका गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान इनके पास से हत्या से जुड़े अहम सबूत हाथ लगे, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि हत्या की वजह जमीन विवाद है। इस मामले में पहले भी मृतक तारापद महतो ने जितेंद्र दुबे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी, जो फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र दुबे के परिजनों ने ही इस हत्या की साजिश रचकर घटना को अंजाम दिया।