logo

जमशेदपुर में जुआ अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, 15 गिरफ्तार; 7.67 लाख रुपये और 16 मोबाइल बरामद

जमशेदपुर में जुआ अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, 15 गिरफ्तार; 7.67 लाख रुपये और 16 मोबाइल बरामद

जमशेदपुर: 
Jamsedpur News:
जमशेदपुर के बिरसानगर (Birsanagar) स्थित प्रकाश नगर में रविवार शाम पुलिस ने एक मकान में चल रहे जुआ अड्डे पर छापेमारी कर 15 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 7 लाख 67 हजार 400 रुपये नकद, 16 मोबाइल फोन और ताश के 52 पत्ते बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, मकान मालिक प्रीतपाल सिंह अपने घर में बड़े पैमाने पर जुआ खिलवाता था और हर राउंड में जुआ खेलने वालों से रुपये वसूलता था। पुलिस को जुए के नाम पर लोगों को पैसे दोगुने करने का लालच देकर ठगी किए जाने की शिकायत भी मिली थी।

गुप्त सूचना पर गठित की गई छापेमारी टीम
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि बिरसानगर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर स्थित प्रीतपाल सिंह के घर में संगठित रूप से जुआ खेला और खिलाया जा रहा है। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

घर के अंदर ताश खेलते मिले 15 लोग
पुलिस टीम जब मकान पर पहुंची, तो बाहर बड़ी संख्या में जूते-चप्पल पड़े मिले। घर के अंदर 15 लोग टेबल के चारों ओर सोफा-कुर्सियों पर बैठे और खड़े होकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे थे। टेबल पर ताश के पत्तों के साथ काफी नकदी बिखरी हुई थी। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए। मकान में रखी टेबल से भी 48,500 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते जब्त किए गए।

जमशेदपुर से आदित्यपुर तक के लोग गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में मकान मालिक प्रीतपाल सिंह (42), प्रवीण कुमार सिंह (52), अनिरुद्ध सिंह (51), हरिलाल गुप्ता (55), आफताब आलम (53), विमलेश सिंह (44), राजेश कुमार (54), राजा मंडल (51), अर्जुन महतो (44), रजीत महतो (36), रवि कुमार गुप्ता (45), मिथुन कुमार (करीब 30), आकाश मुंडा (26), पप्पू शर्मा उर्फ रामप्रकाश शर्मा (54) और निरंजन श्रीवास्तव (करीब 56) शामिल हैं। इनमें कई लोग जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं, जबकि कुछ आदित्यपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।

हर राउंड में रुपये वसूलने का आरोप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों से पूछताछ में पता चला कि प्रीतपाल सिंह अपने घर में लोगों को रुपये-पैसे का लालच देकर जुआ खिलवाता था और प्रत्येक राउंड में उनसे पैसे वसूलता था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बिरसानगर थाना कांड संख्या 72/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता और बंगाल जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी दल में नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार, बिरसानगर थाना प्रभारी मंटू कुमार, गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार समेत बिरसानगर और गोविंदपुर थानों के पुलिस पदाधिकारी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Tags - Jamsedpur Crime News Birsanagar Gambling Raid Jharkhand Police