द फॉलोअप डेस्क
लंगड़ाते हुए सड़क पर चल रहे इन लोगों को ज़रा ध्यान से देखिए। इन पर आरोप है कि इन्होंने रामनवमी के अवसर पर निकाले गए अखाड़ा जुलूस में सांप्रदायिक हिंसा भड़काने की कोशिश की। यह नजारा धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र का है, जहां भिखराजपुर में रामनवमी के जुलूस के दौरान असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी कर माहौल खराब करने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब 18 से 20 लोगों को पकड़कर सड़क पर खुलेआम सबके सामने परेड कराई।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम जुलूस के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा सांप्रदायिक हिंसा भड़काने की कोशिश की गई और कुछ तत्वों ने अचानक पथराव कर दिया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ और इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने अपनी निगरानी में परेड कराया, ताकि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया जा सके।
वहीं, मामले को लेकर सिटी एसपी ने बताया कि कुल 40 से 50 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनमें से 18 से 20 असामाजिक तत्वों को जेल भेज दिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में शांति है और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।