logo

सरायकेला-खरसावां SP ने ईचागढ़-तिरुलडीह थानों का किया औचक निरीक्षण, बेहतर पुलिसिंग के दिए निर्देश

sarai_sp1.jpg

सरायकेला-खरसावां 

सरायकेला-खरसावां जिले में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और आम जनता को प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (SP) मनोज स्वर्गियारी ने शुक्रवार को ईचागढ़ और तिरुलडीह थाना क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तिरुलडीह थाना का विस्तृत निरीक्षण करने के बाद कुकड़ू पहुंचकर वर्ष 2016 में बनकर तैयार हुए थाना भवन का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध संसाधनों तथा उसके उपयोग से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। इस दौरान तिरुलडीह थाना की पुलिस टीम भी उनके साथ मौजूद रही। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, लंबित कांडों की समीक्षा तथा पुलिसिंग व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। 

अभद्र भाषा का प्रयोग किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं

उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। साथ ही अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण कायम करना है। इसके लिए आवश्यक है कि थाना आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक, संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी शिकायतकर्ता की बात गंभीरता से सुनी जाए और उसकी शिकायत का निष्पक्ष एवं त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार या अभद्र भाषा का प्रयोग किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। पुलिस का आचरण अनुशासित, पारदर्शी और जनहितकारी होना चाहिए।

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी

उन्होंने कहा कि पुलिस की सकारात्मक कार्यशैली से ही जनता का विश्वास मजबूत होता है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिलता है। निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध की रोकथाम केवल कार्रवाई से नहीं, बल्कि सक्रिय पुलिसिंग और जनता के साथ बेहतर समन्वय से भी संभव है। कुकड़ू में वर्ष 2016 से तैयार थाना भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भवन की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया और उससे संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान भवन के उपयोग और अन्य प्रशासनिक पहलुओं पर भी चर्चा की गई। अंत में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेगा। ऐसे निरीक्षणों का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाना है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवा मिल सके और जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Tags - Seraikela Kharsawan SP Jharkhand Police Crime Control Police Station Inspection