द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग में पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच टकराव लगातार गहराता जा रहा है। कल शाम हुई खींचतान के बाद आज दोनों पक्षों की ओर से बैठकों का दौर जारी है। ऐसे में आज झारखंड पुलिस एसोसिएशन की प्रदेश कमेटी हजारीबाग पहुंची। प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने सख्त तेवर दिखाते हुए कहा कि सब इंस्पेक्टर के साथ मारपीट करना कायरता की निशानी है। उन्होंने कहा कि “हम हमेशा मानवाधिकार और सुरक्षा पर भरोसा करते हैं, लेकिन हमें भी यह नहीं भूलना चाहिए कि हम सब भी किसी के बेटे हैं, ऊपर से नहीं आए हैं। न्यायालय के कमरे में जवान को पीटना कहां तक सही है?”

मुर्मू ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस घटना से पुलिस कर्मियों का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर दोषी अधिवक्ताओं का बार लाइसेंस रद्द करने की मांग भी की है। वहीं, पीड़ित एसआई मनोज कुजूर की ओर से सदर थाना में आवेदन दिया गया है। इसमें हाफ मर्डर और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया है। अब सभी की निगाहें अधिवक्ता पक्ष पर टिकी हैं। वे अपनी सफाई और अगली रणनीति को लेकर क्या कदम उठाते हैं, इस पर मीडिया की नज़र लगातार बनी हुई है।
.jpeg)