द फॉलोअप डेस्क
रांची में भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर गुरुवार को कांग्रेस के घेराव के दौरान हालात उस समय बिगड़ गए, जब पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की के साथ लाठी-डंडे भी चले। पूरे इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।

पहले से लाठी-डंडा लेकर पहुंचे थे भाजपा कार्यकर्ता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता पहले से ही लाठी और बांस लेकर प्रदेश कार्यालय के बाहर मौजूद थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने भी लाठी-डंडे लहराते हुए विरोध जताया। वहीं, कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच एक-दूसरे पर अंडे और टमाटर भी फेंके गए, जिससे प्रदर्शन और उग्र हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने बैरिकेडिंग के पास सुरक्षा घेरा और मजबूत किया तथा हालात को काबू में करने की कोशिश की।

पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन, प्रशासन अलर्ट
कांग्रेस कार्यकर्ता नीट समेत विभिन्न पेपर लीक मामलों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। प्रदर्शन के मद्देनजर पहले से ही भाजपा कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग, कंटीले तार और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।