द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में युवक पर हुए चापड़ से हमले के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद जुनैव रज़ा उर्फ जुनैद (21), ओवैश अंसारी उर्फ उबैश (22) और सोहैल खान उर्फ सोहैल (21) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी गोलमुरी थाना क्षेत्र के ही निवासी बताये जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चापड़ और चाकू के अलावा मोबाइल फोन, गांजा पीने का चिलम, ताश की पत्तियां, ताला कटर समेत कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 9 जनवरी को गोलमुरी थाना अंतर्गत टुइलाडुंगरी लाइन नंबर-27 के पास सरबजीत सिंह पर 10 से 15 युवकों ने चापड़ और बेस बैट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
घटना के बाद पीड़ित सरबजीत सिंह द्वारा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सघन छापेमारी अभियान चलाया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।