logo

आदित्यपुर में अपराधियों की खैर नहीं, ड्रग्स तस्करों के ठिकानों पर चला पुलिस का विशेष अभियान

Screenshot_2026-07-28_142808.jpg

सरायकेला 
सरायकेला खरसावां जिले में नशे के अवैध कारोबार और अपराध पर लगाम कसने के लिए आदित्यपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को विशेष सघन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर सुबह से ही थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में फरार आरोपियों, ड्रग्स तस्करी से जुड़े संदिग्धों और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए व्यापक कार्रवाई की गई। 
चिन्हित इलाकों में सघन तलाशी अभियान
अभियान के दौरान राम मढ़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती, इमली चौक समेत कई चिन्हित क्षेत्रों में पुलिस टीम ने तलाशी अभियान चलाया। ड्रग्स मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनका सत्यापन भी किया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने को कहा। इसके अलावा थाना क्षेत्र के पार्कों, प्रमुख चौक-चौराहों और देसी-विदेशी शराब दुकानों के आसपास बाइक गश्ती तेज कर दी गई। सार्वजनिक स्थानों पर बिना कारण जुटने वाले युवकों, हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों की जांच की गई तथा कानून-व्यवस्था भंग करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
ड्रग्स तस्करी और अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी : एसपी
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि जिले में ड्रग्स तस्करी, फरार अपराधियों और सामाजिक माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध कठोर और त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए नियमित गश्ती और छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।

Tags - Adityapur Police Saraikela News Anti Drug Drive Jharkhand Police Crime News