द फॉलोअप डेस्क
हरिहरगंज थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत आज 6 फरवरी को अवैध महुआ शराब के निर्माण एवं भंडारण के खिलाफ छापेमारी की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भाबर झारवी आहर स्थित पहाड़ी की तलहटी में अवैध रूप से महुआ शराब निर्माण की सूचना मिलने पर हरिहरगंज पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान मौके से लगभग 2000 किलोग्राम जावा महुआ, जिसे अवैध शराब निर्माण के लिए संग्रहित किया गया था, को उसी स्थान पर विधिवत रूप से नष्ट किया गया। इसके साथ ही लगभग 200 लीटर अवैध महुआ शराब को जब्त किया गया।
पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। हालांकि छापेमारी के दौरान अवैध धंधे में संलिप्त लोग मौके से फरार हो गए। उनकी पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक बिनोद कुमार राय, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार तथा हवलदार युगल किशोर शामिल थे। हरिहरगंज पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान जारी रहेगा।
.jpeg)