logo

पलामू : जमीन विवाद में हत्या और फायरिंग मामले में पुलिस ने 2 को किया गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

palamu_land_murder_case.jpg

गढ़वा
पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष और गोलीबारी मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, 23 मई 2026 को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग हुई थी. इस घटना में 30 वर्षीय सुरेंद्र चौधरी की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए थे. घटना के बाद मृतक के पिता मधु सिंह के बयान के आधार पर चैनपुर थाना में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने हत्या, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत 17 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
80 वर्षीय ब्रह्मदेव सिंह और गोपाल सिंह गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर गठित टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी. इसी क्रम में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में 28 वर्षीय गोपाल सिंह उर्फ नितेश कुमार सिंह और लगभग 80 वर्षीय ब्रह्मदेव सिंह शामिल हैं. दोनों रामपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं.
दोनों आरोपियों ने घटना में संलिप्तता स्वीकार 
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है. फिलहाल दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पलामू पुलिस ने कहा है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

 

Tags - Land Dispute in palamu palamu land Dispute news 2 arrested in murder land Dispute 2 Arrested 2 Arrested in palamu palamu News Updates