द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना जामताड़ा की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में करमाटांड़ थाना क्षेत्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में उलफाज अंसारी और सुरज मंडल शामिल हैं। दोनों आरोपी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से भारी मात्रा में डिजिटल और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद सामग्री में छह मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, दो आधार कार्ड और एक पैन कार्ड शामिल हैं। यह कार्रवाई साइबर अपराध थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक राजेश मंडल के नेतृत्व में की गई। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक विनोद सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सकलपुर मुख्य मार्ग के पास पलास झुड़, आम पेड़ एवं तालाब क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी SBI खाताधारकों को WhatsApp के माध्यम से फर्जी APK लिंक भेजते थे। संदेश में यह लिखा होता था कि संबंधित व्यक्ति का बैंक खाता बंद हो गया है और KYC अपडेट करने के लिए दिए गए APK लिंक को डाउनलोड करना आवश्यक है। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक को डाउनलोड करता, उसके मोबाइल की गोपनीय जानकारी साइबर अपराधियों के पास पहुंच जाती थी। इसके बाद आरोपी ई-वॉलेट और अन्य डिजिटल माध्यमों से ठगी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, इस साइबर ठगी गिरोह का नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ था और इसका संचालन जामताड़ा जिले से किया जा रहा था। आरोपी देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों को अपना निशाना बना रहे थे। इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 05/26, दिनांक 22.01.2026 के तहत BNS 2023, आईटी एक्ट एवं टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
