द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव की युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता पास के ही एक दूसरे गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। समारोह से घर लौटने के क्रम में रास्ते में चार युवकों ने युवती को अकेला पाकर उसे घर छोड़ देने का झांसा दिया। आरोपियों ने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया, लेकिन रास्ते में सुनसान जगह देखकर उन्होंने नीयत बदल ली। वहां चारों युवकों ने बारी-बारी से युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद किसी तरह अपने घर पहुँची पीड़िता ने परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों के साथ भरनो थाना पहुँचकर पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और छापेमारी कर चारों नामजद आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार उरांव (21 वर्ष), विष्णु गोप (19 वर्ष), विकास मुंडा (22 वर्ष) और विकास उरांव (21 वर्ष) के रूप में हुई है। थाना प्रभारी कंचन प्रजापति ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिक जांच के बाद आरोपियों को हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन ने इस मामले में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया है।