द फॉलोअप डेस्क
10 अगस्त की रात झिमोली गांव में ग्रामीणों द्वारा सूचना दी गई कि झिमोली रोड के पास जलापूर्ति हेतु गिराए गए सरकारी लोहे के पाइप को कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ट्रकों में लोड किया जा रहा है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरहरवा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सत्यापन किया और पाया कि यह काम एक अंतर्राजीय गिरोह द्वारा किया जा रहा था। इसके बाद, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सरकारी पाइप की चोरी करते हुए 16 व्यक्तियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक भुईया, चिरंजीत कुम्हार, अजय कुमार, विकास कुमार पासवान, दिनेश मांझी, संतोष कुमार, हर्ष कुमार, छोटू कुमार, राजेश मंडल उर्फ चुनु यादव, बेलू रजवार, किशोर रजवार, जितन कुमार, विपिन कुमार, प्रमोद कुमार, उमेश साह और लालू यादव शामिल हैं। इनमें से अधिकांश आरोपी धनबाद के निवासी हैं, जबकि कुछ उत्तर प्रदेश और बिहार के निवासी हैं।
तीन वाहन और चोरी की सामग्री जब्त
पुलिस ने चोरी में शामिल तीन वाहनों को भी जब्त किया। ये वाहन थे
6 चक्का ट्रक - BR51GA 1642
6 चक्का ट्रक - UP27CT 6196
टाटा मैजिक वाहन - JH10CQ 1053
इसके अलावा, पुलिस ने 15 मोबाइल फोन और 25 लोहे के पाइप भी जब्त किए, जिन्हें आरोपियों ने अपने वाहनों में लोड किया था।
पुलिस अब गिरोह के सरगना और अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस गिरोह का मुख्य उद्देश्य सरकारी पाइपों की चोरी करना और उन्हें अन्य स्थानों पर बेच देना था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए जांच तेज कर दी है और सभी आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रयासरत है।
