logo

बढ़ती गर्मी पर PM मोदी चिंतित, लोगों से की पानी पीने, धूप से बचने और दूसरों का ख्याल रखने की अपील

PM9.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
भीषण गर्मी को लेकर PM मोदी ने सोशल मीडिया पर देशवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में सभी लोग खुद को हाइड्रेटेड रखें और घर से बाहर निकलते समय पानी साथ जरूर रखें।

घरों और दुकानों के बाहर मटके में रखें पानी 
प्रधानमंत्री ने लोगों से जरूरतमंदों की मदद करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि यदि संभव हो तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी जरूर दें। साथ ही उन लोगों की सराहना की जो अपने घरों और दुकानों के बाहर मटके में पानी रखते हैं ताकि राहगीरों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि अत्यधिक गर्मी से चक्कर आना, मतली, कमजोरी या ज्यादा थकान जैसी समस्याओं को नजरअंदाज न करें। अगर किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ती दिखे तो उसे तुरंत छायादार और ठंडी जगह पर ले जाकर पानी, ORS या अन्य तरल पदार्थ दें।

इंसानों के साथ पशु-पक्षियों का भी रखें ध्यान
प्रधानमंत्री ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और धूप में काम करने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। समय रहते सावधानी नहीं बरतने पर हीटस्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति बन सकती है। उन्होंने लोगों से अपने माता-पिता, दादा-दादी और अन्य प्रियजनों का हालचाल पूछने, उन्हें पर्याप्त पानी पीने और दोपहर की तेज धूप से बचने की सलाह देने की भी अपील की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने पशु-पक्षियों का भी ध्यान रखने को कहा। उन्होंने कहा कि घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा बर्तन रखना भी किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान बन सकता है।

Tags - PM Modi Heatwave AppealIndia Heatwave NewsNarendra Modi MessageSummer Safety TipsExtreme Heat AlertDrink Water Stay SafeHeatwave Precautions IndiaPM Modi Latest NewsWeather Update IndiaStay Hydrated in Summer