रांची
झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने आज रांची में प्रेस वार्ता कर कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को उपदेश देने से पहले अपने रोड शो और भाजपा की रैलियों को स्थगित करना चाहिए। झामुमो नेता ने आगे कहा, देश की आर्थिक स्थिति बद से बदतर हो गई है। केवल 12 साल से खोखले दावे किए जा रहे हैं। इन सबकी पोल प्रधानमंत्री ने अपने मुंह से हैदराबाद में खोल दी। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री गुजरात के मुख्यमंत्री थे और प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार थे, उस वक्त उन्होंने कहा था कि अगर डॉलर गिरता है तो देश को परेशानी होती है। आज डॉलर 95 पार है। प्रधानमंत्री ने पीएसयू को समाप्त कर दिया। केवल धर्म के नाम पर, जाति के नाम पर लोगों को बरगलाने का काम किया।

पीएम को एक साल के लिए विदेश यात्रा रोकने के लिए कहा
सुप्रियो ने कहा, प्रधानमंत्री ने खुद कहा था कि अगर इंडिया गठबंधन की सरकार बन गई तो ये लोग आपका सोना छीन लेंगे, लेकिन आज यही कह रहे हैं कि सोना मत खरीदो। वो कहते हैं कि राष्ट्र के लिए त्याग करना है। उन्होंने ने नौ बिंदुओं पर अपनी बात रखते हुए कहा कि आप विदेश यात्रा एक साल तक स्थगित रखिए। अभी घूमने जाने वाले हैं, क्योंकि आकर बताते नहीं क्यों गए थे, तो घूमने मत जाइए। उन्होंने कहा कि तेल बचाने की बात कही जाती है, लेकिन उनकी रैली में 30 गाड़ियां थीं। आप अपना रोड शो और भाजपा की रैली स्थगित कीजिए।
उन्होंने कहा कि अपने 12 कॉरपोरेट मित्रों का लोन राइट ऑफ करना बंद कीजिए। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के काफिलों पर एक साल तक रोक लगाइए। उन्होंने आरोप लगाया कि निकोबार आइलैंड अदानी को, हसदेव जंगल और बिहार की जमीन अदानी को देने का काम बंद कीजिए। उन्होंने कहा कि आपने कहा सोना मत खरीदिए, जबकि इसमें 50 लाख से ज्यादा कारीगर काम करते हैं। इसमें 80 फीसदी बंगाली श्रमिक और 20 फीसदी ओड़िया श्रमिक हैं। अब जहां जीतकर आए हैं, उनको ठगना बंद कीजिए।

अमेरिका से डील कर के आए हैं
सुप्रियो ने कहा कि जो अमेरिका से डील कर के आए हैं, उनके उत्पाद को आप पुश कर रहे हैं, इसका विरोध होगा। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि आप सोना खरीदने से मना क्यों कर रहे हैं, जबकि देश का लगभग 65 प्रतिशत मध्यम वर्ग सोना खरीद कर ही अपने घर को मजबूती देता है। माताओं और बहनों का आपातकालीन धन सोना होता है। आपको ये बातें समझ में नहीं आएंगी।
उन्होंने कहा कि अब झांसे में मत रखिए। लॉकडाउन जैसा आपातकाल थोपने की तैयारी हो रही है। देश कंगाल हो चुका है। हम दुनिया की छठी अर्थव्यवस्था पर लटक गए हैं। उन्होंने कहा कि ये आपातकाल की घंटी आपने बजा दी है। देश आपसे नहीं संभलेगा। बहुत ही महंगाई की मार है, गाड़ी छोड़ो मोदी सरकार। उन्होंने आरोप लगाया कि ये सब सोची-समझी साजिश के तहत हो रहा है। आपके लिए अलग नियम लागू होना अब नहीं चलेगा।
