द फॉलोअप डेस्क
देश के सेमीकंडक्टर मिशन में झारखंड के जमशेदपुर की बेटी तनीषा गौतम ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बागबेड़ा निवासी तनीषा गौतम देश की पहली कमर्शियल सेमीकंडक्टर चिप निर्माण परियोजना की कोर टीम का हिस्सा हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के साणंद स्थित सीजी सेमीकॉन एसेट प्लांट के उद्घाटन के दौरान तनीषा और उनकी टीम से सीधे संवाद करेंगे।

देश की पहली कमर्शियल चिप निर्माण टीम में शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साणंद स्थित सीजी सेमीकॉन एसेट प्लांट का उद्घाटन करेंगे। इसी अवसर पर भारत में बनी पहली कमर्शियल सेमीकंडक्टर चिप की पहली खेप वैश्विक बाजार के लिए रवाना होगी। इस ऐतिहासिक परियोजना की कोर टीम में जमशेदपुर के बागबेड़ा की रहने वाली तनीषा गौतम भी शामिल हैं। तनीषा वर्तमान में प्लांट में जूनियर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री प्लांट के इंजीनियरों, तकनीशियनों और 15 सदस्यीय युवा टीम से बातचीत करेंगे, जिसमें तनीषा भी शामिल रहेंगी।

केंद्रीय विद्यालय से पढ़ाई, NTTF से किया डिप्लोमा
तनीषा के पिता त्रिपुरारी गौतम ने बताया कि उनकी बेटी शुरू से ही मेधावी और मेहनती रही है। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण सेमीकंडक्टर मिशन से तनीषा का जुड़ना पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है। तनीषा ने अपनी स्कूली शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, टाटानगर से पूरी की। इसके बाद जमशेदपुर के NTTF-ITI से इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया। करियर की शुरुआत उन्होंने हैदराबाद की एक कंपनी से की थी, जिसके बाद वह सेमीकंडक्टर मिशन से जुड़ गईं।