logo

PM मोदी ने अपने 12 साल के कार्यकाल में असंभव दिखने वाले कामों को संभव कर दिखायाः बाबूलाल मरांडी

PM मोदी ने अपने 12 साल के कार्यकाल में असंभव दिखने वाले कामों को संभव कर दिखायाः बाबूलाल मरांडी

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
BJP News Jhark:hand:  भाजपा के प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने आज पार्टी कार्यालय में दो बैठकें की। एक बैठक में प्रदेश कमेटी के पदाधिकारी, एमपी और एमएलए शामिल हुए जबकि दूसरी बैठक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ की। इस बैठक में पीएम मोदी के कुल 26 साल के सेवा काल की उपलब्धियों पर चर्चा की गयी। इनमें नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल की उपलब्धियों को लेकर एक प्रस्ताव भी पारित किया गया। प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मोदी ने अपने कार्यकाल में कई असंभव दिखने वाले कार्यों को संभव कर दिखाया। उनमें धारा 370 की समाप्ति, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, तीन तलाक जैसी कुप्रथा पर रोक लगाने के लिए कानून प्रमुख रहे। इन बैठकों में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु, संगठन महामंत्री पवन साय, संजय सेठ, अमर बाउरी व कई अन्य सांसद-विधायक भी शामिल हुए।


बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में आतंकवादी घटनाओं पर विराम लगाया। उग्रवाद को समाप्त करने में सफलता पायी। भारत में आसानी से घुस कर आंतकवादी घटना करने वालों पर एयर स्ट्राइक के माध्यम से जवाब दिया। विश्व को यह संदेश दिया कि आतंक फैलाने वालों के घर में घुस कर मारेंगे। रोड कनेक्टिविटी, रेल कनेक्टिविटी का जाल बिछाया। गरीबों को आवास, घरेलू गैस, आयुष्मान योजना का लाभ दिया। इतना ही नहीं बिरसा मुंडा के जन्म दिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का फैसला लेकर इस समुदाय के लोगों को सम्मान देने का काम किया। 


मरांडी ने कहा कि पूर्व में रही डबल इंजन की सरकार में झारखंड को तीन तीन मेडिकल कॉलेज दिए गए। इन मेडिकल कॉलेजों का निर्माण तो हो गया लेकिन कहीं हॉस्पिटल नहीं बना तो कहीं प्रयोगशाला का प्रबंध नहीं हो सका। हजारीबाग और संथालपरगना के कई इलाकों को रेल लाइन से जोड़ा गया। साहेबगंज में गंगा पर पुल निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। हालांकि यह पूछने पर कि पिछले तीन-चार वर्षों में केंद्र सरकार ने झारखंड को कौन सी बड़ी परियोजना दी, मरांडी यह कह कर पल्ला झाड़ लिए कि झारखंड सरकार काम करे तब तो केंद्र कोई योजना दे। झारखंड सरकार काम ही नहीं करना चाहती है।

Tags - Jharkhand BJP PM Modi achievements meeting Gajendra Singh Patel