logo

जमशेदपुर के MGM अस्पताल में रंगेहाथ पकड़ा गया जेबकतरा, गांजा-चिलम और ब्लेड बरामद

MGM4.jpg

जमशेदपुर:

डिमना स्थित MGM मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की जेब काटकर चोरी करने वाले एक युवक को नाइट शिफ्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। मंगलवार देर रात अस्पताल के 5वें तल्ले पर चोरी का प्रयास करते समय आरोपी को पकड़ा गया। पकड़े गये युवक की पहचान सिदगोड़ा थानाक्षेत्र के बागुनहातु-डी ब्लॉक निवासी सावन देवगम के रूप में हुई है। सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़कर एमजीएम थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

जेब काटते हुए सुरक्षाकर्मियों ने रंगेहाथ पकड़ा
सुरक्षाकर्मियों के अनुसार, मंगलवार दोपहर अस्पताल के दूसरे तल्ले पर भर्ती एक मरीज के परिजन की जेब से 150 रुपये गायब हो गये थे। इसके बाद देर रात करीब 10 बजे आरोपी 5वें तल्ले पर फर्श पर सो रहे एक मरीज के परिजन की जेब काटने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान गश्त कर रहे सुरक्षाकर्मियों की नजर उस पर पड़ गयी और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात भी आरोपी ने एक व्यक्ति की जेब पर ब्लेड से वार कर चोरी का प्रयास किया था, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। पीड़ित ने सोने से पहले अपना मोबाइल और पर्स मरीज के बेड पर रख दिया था, जिससे उसका सामान सुरक्षित बच गया। बाद में उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी।

मोबाइल-पर्स और नकदी की चोरी करता था
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बनाता था। वह मौका देखकर मोबाइल, पर्स और नकदी चोरी करता था। तलाशी के दौरान उसके पास से 150 रुपये नकद, गांजा, चिलम और एक ब्लेड बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ब्लेड से जेब काटकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी की गतिविधियां दिखायी देने की बात सामने आयी है। पुलिस को आशंका है कि पिछले एक माह में अस्पताल परिसर में हुई एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं में उसकी भूमिका हो सकती है।

आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
फिलहाल MGM थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।

Tags - Jharkhand NewsJamshedpurSnatcher ArrestedCrime News