गिरिडीह
खोरीमहुआ-कोडरमा मुख्य मार्ग पर शनिवार रात सीमेंट लादे ट्रक और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई. इसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, गिरिडीह के रहने वाले लोग कोडरमा से लॉ की परीक्षा देकर स्विफ्ट डिजायर कार से वापस घर लौट रहे थे. कार में एक पांच वर्षीय बच्चा भी सवार था, जो इस भीषण हादसे में सुरक्षित बच गया, जबकि महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
महिला की स्थिति गंभीर, गिरिडीह रेफर
बताया जा रहा है कि जैसे ही कार गरजासारण गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहा सीमेंट लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और कार में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया है. इधर, सूचना मिलते ही धनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया. पुलिस पूरे मामले की जाँच में जुट गई है. हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.
