द फॉलोअप डेस्क
गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आज साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। इस जन संवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए नागरिकों ने भाग लिया और अपनी व्यथा, समस्याएं एवं आवश्यकताओं को उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया।
उग्रवादी हिंसा में मारे गए व्यक्ति की पत्नी ने उपायुक्त से मदद की लगाई गुहार
रायडीह प्रखंड निवासी एक महिला आवेदिका ने बताया कि उनके पति प्रसाद साहू की हत्या दिनांक 18 फरवरी 2025 को उग्रवादियों द्वारा कर दी गई थी। पति की मृत्यु के बाद उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनके चार बच्चे हैं, जिनके पालन-पोषण में भी समस्या आ रही है। उन्होंने उपायुक्त के समक्ष सामाजिक सुरक्षा योजना तथा जीवकोपार्जन हेतु रोजगार की मांग की। इस पर उपायुक्त ने मानवीय संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें सभी आवश्यक सहयोग एवं योजनाओं का लाभ देने की बात कही तथा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए।
वन विभाग द्वारा निर्माणाधीन आवास को क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत प्राप्त
घाघरा निवासी एक आवेदक ने बताया कि उन्हें पीएम जनमन आवास योजना का लाभ मिला है, जिसका निर्माण वे अपनी जमीन पर कर रहे हैं। लेकिन 13 अगस्त 2025 को वन विभाग द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के उनके निर्माणाधीन मकान को तोड़ दिया गया, जिससे उन्हें आर्थिक एवं मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षतिपूर्ति हेतु वन विभाग से मुआवजा राशि की मांग की। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग और पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया है।
अन्य विषयों पर भी आए आवेदन, त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जन शिकायत निवारण दिवस में जमीन से जुड़े मामले, जमीन विवाद, सामाजिक पेंशन, करम पर्व हेतु राशि, रोजगार सहायता आदि विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से पढ़ा और संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि समयबद्ध, पारदर्शी एवं मानवीय दृष्टिकोण से सभी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
